🔍 संपादक - कमर खान, खबर एक्सरे /जो दिखे उसके पार - शिवपुरी के पिछोर में पुलिस की जनसुनवाई जमीनी विवाद, घरेलू हिंसा और धोखाधड़ी सहित कई शिकायतें पहुंचीं; अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक शिवपुरी यांगचेन डोलकर भूटिया ने शनिवार को पुलिस थाना पिछोर परिसर में जनसुनवाई आयोजित कर आमजन की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में 50 से अधिक फरियादियों ने अपनी व्यक्तिगत, पारिवारिक और अन्य समस्याओं से संबंधित आवेदन एवं शिकायतें प्रस्तुत कीं। एसपी ने शिकायतों को प्राथमिकता से लेते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान जमीनी विवाद, गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश, घरेलू हिंसा, धोखाधड़ी और पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट फरियादियों के मामले प्रमुखता से सामने आए। एसपी ने प्राप्त आवेदनों की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी एवं जांच अधिकारियों को निष्पक्षता के साथ जांच कर निर्धारित समय-सीमा में प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
एसपी ने फरियादियों को उनकी शिकायतों पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को सीधे सुनकर पुलिस स्तर पर उनका समाधान सुनिश्चित करना रहा।
इस दौरान थाना प्रभारी पिछोर निरीक्षक नीतू सिंह सहित थाना पुलिस बल मौजूद रहा।

0 Comments