बैराड़ पुलिस की कार्रवाई चोरी की 7 मोटरसाइकिलें बरामद एक आरोपी और विधि-विरुद्ध बालक गिरफ्तार

🔍 संपादक - खबर एक्स-रे /जो दिखे उसके पार- शिवपुरी बैराड़ थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में कार्रवाई करते हुए सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। जब्त वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी प्रताप उर्फ गूंगा यादव (45), निवासी ककरई, थाना बैराड़ तथा एक विधि-विरुद्ध बालक को पकड़ा है।
जानकारी के अनुसार, सुशील धाकड़ निवासी नदोरा ने 9 सितंबर और कल्याण प्रजापति निवासी वार्ड क्रमांक 7, बैराड़ ने 16 अक्टूबर 2026 को मोटरसाइकिल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दोनों मामलों में बीएनएस की धारा 303(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मुखबिर की सूचना पर मिली सफलता
17 अक्टूबर की शाम पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की मोटरसाइकिलें बेचने के लिए ले जाई जा रही हैं। पुलिस टीम ने ककरई तिराहे के कच्चे रास्ते पर चेकिंग के दौरान दो संदिग्धों को पकड़ा। उनके कब्जे से दो चोरी की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर महादेव घाटी के जंगल से पांच अन्य मोटरसाइकिलें भी जब्त की गईं। ये वाहन भटनावर, विजयपुर, कैलारस और सबलगढ़ क्षेत्र से चोरी किए गए बताए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, बरामद सात वाहनों में दो हीरो स्प्लेंडर के पंजीयन क्रमांक MP33ZM8575 और MP33MZ9851 हैं। शेष पांच मोटरसाइकिलें बिना नंबर प्लेट के मिलीं, जिनमें अपाचे, हीरो स्ट्रीम, पल्सर और स्प्लेंडर शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि चोरी के मामलों में अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं। उनकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी और विधि-विरुद्ध बालक को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका: थाना प्रभारी सुरेश शर्मा के नेतृत्व में एसआई हरिओम पांडेय, केदार सिंह सहित बैराड़ थाने के पुलिसकर्मियों की टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति और एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

Post a Comment

0 Comments