🔍 संपादक - खबर एक्स-रे /जो दिखे उसके पार - कोर्ट रोड से ठंडी सड़क, अस्पताल चौराहे और गणेश गौरी कुंड तक पहुंचे अधिकारी, दशहरा पर्व पर सुरक्षा व साफ-सफाई को लेकर दिए निर्देश,
शिवपुरी शहर की यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई और आगामी दशहरा पर्व की तैयारियों का जायजा लेने के लिए कलेक्टर अर्पित वर्मा के साथ पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने शहर में पैदल भ्रमण कर विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कोर्ट रोड, ठंडी सड़क, अस्पताल चौराहा, गांधी पार्क, गणेश गौरी कुंड, कस्टम गेट चौपाटी और सिद्धेश्वर मेला ग्राउंड सहित प्रमुख स्थलों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। कलेक्टर ने अतिक्रमण हटाने, सड़क के गड्ढे भरने, सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और रावण दहन स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सड़कों पर यातायात में बाधा बन रहे अतिक्रमण और दुकानों के बाहर निकले टीनशेडों को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य नगरपालिका अधिकारी यशवंत राठौर एवं प्रभारी अशोक खरे से कहा कि सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित नहीं होना चाहिए। व्यापारियों को निर्धारित सीमा के भीतर दुकानें संचालित करने और यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत भी दी गई।
अस्पताल चौराहे के गड्ढे भरने और चौपाटी की व्यवस्था सुधारने के निर्देश
कलेक्टर ने अस्पताल चौराहे का निरीक्षण कर सड़क पर मौजूद गड्ढों को तत्काल भरवाने तथा दुकानों के आसपास नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, कस्टम गेट स्थित चौपाटी की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विक्रेता अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखें, निर्धारित स्थान और सीमा के भीतर दुकानें लगाएं तथा स्वच्छता बनाए रखें। चौपाटी पर यातायात सुचारू रखने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।
कोर्ट रोड के पास ठंडी सड़क पर पहुंचे कलेक्टर ने फल विक्रेताओं से बातचीत की और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने ठंडी सड़क के नाले की सफाई के लिए स्वच्छता प्रभारी योगेश शर्मा को निर्देशित किया, ताकि जल निकासी और साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर बनी रहे।
माता प्रतिमाओं के विसर्जन को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने दो बत्ती छत्री रोड स्थित गणेश गौरी कुंड का निरीक्षण किया। इस दौरान कुंड परिसर की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और विसर्जन स्थल की सुरक्षा का जायजा लिया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कुंड की समुचित सफाई कराने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कुंड के आसपास मौजूद बच्चों को वहां न जाने की समझाइश भी दी गई, ताकि किसी अप्रिय घटना की आशंका को रोका जा सके।
रावण दहन स्थलों पर सुरक्षा, बैरिकेडिंग और अग्निशमन व्यवस्था पर जोर
दशहरा और विजयादशमी पर्व को देखते हुए कलेक्टर ने गांधी पार्क, सिद्धेश्वर मेला ग्राउंड और काली माता मंदिर स्थित रावण दहन स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान जुटने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि रावण दहन स्थलों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग की जाए तथा फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा मेला परिसर में प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग और साफ-सफाई के सभी इंतजाम समय रहते पूरे करने को कहा गया, ताकि पर्व के दौरान आमजन को परेशानी न हो और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर की साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था और त्योहारों की तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भ्रमण के दौरान संबंधित नगरपालिका अधिकारी और अन्य विभागीय अमला भी मौजूद रहा।

0 Comments