🔍 संपादक - खबर एक्स-रे /जो दिखे उसके पार - कलेक्टर अर्पित वर्मा और पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने विधि-विधान से की पूजा-अर्चना, जिलेवासियों को दीं विजयादशमी की शुभकामनाएं
शिवपुरी विजयादशमी के पावन पर्व पर प्राचीन परंपरा और सनातन संस्कृति के अनुरूप शिवपुरी जिले में शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के तहत पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित जिले के मुख्य कार्यक्रम में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा तथा पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से शस्त्र पूजन किया। इस दौरान यज्ञ में पवित्र आहुतियां अर्पित कर जिले में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई।
कार्यक्रम में सनातन संस्कृति की परंपराओं के अनुसार पूजा-अर्चना की गई। शस्त्र पूजन के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ विजयादशमी पर्व की महत्ता को रेखांकित किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजय राज सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है विजयदशमी
भारतीय संस्कृति और जनमानस में विजयादशमी पर्व का विशेष महत्व है। यह पर्व असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक माना जाता है। शस्त्र पूजन की परंपरा शक्ति, साहस, कर्तव्य और न्याय की रक्षा के संकल्प से जुड़ी हुई है। इस अवसर पर शासन की पहल के अनुरूप सरकार और समाज की सहभागिता से पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शस्त्रों की पूजा की गई।
जिलेवासियों के लिए सुख समृद्धि की कामना की
कलेक्टर अर्पित वर्मा और पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने जिलेवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम के माध्यम से पर्व की सांस्कृतिक एवं पारंपरिक महत्ता को भी रेखांकित किया गया।

0 Comments