रोशनी से जगमगाया नरवर किला, मां पसर देवी की जयकारों के साथ नवरात्रि मेले का शुभारंभ।

संपादक - कमर खान खबर, एक्सरे /जो दिखे उसके पार - शिवपुरी जिले में राजा नल की ऐतिहासिक नगरी नलगढ़ में आस्था और पर्यटन का संगम, नगर परिषद के प्रयासों से मेले के रूप में आकार ले रहा नवरात्रि आयोजन 
मध्यप्रदेश के शिवपुरी में स्थित राजा नल की ऐतिहासिक नगरी नलगढ़ यानी नरवर किला इन दिनों नवरात्रि की आस्था और भक्ति से सराबोर है। नवरात्रि के अवसर पर ऐतिहासिक किले को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। रविवार सुबह मां पसर देवी के जयकारों के साथ आरती, पूजा-अर्चना के बीच नवरात्रि मेले का शुभारंभ हुआ। किले की प्राचीन दीवारों पर बिखरती रंग-बिरंगी रोशनी और मंदिर परिसर को सजाया गया रोशनी और गूंजते जयकारे श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
वैसे तो नगर में कई देवियों के मंदिर स्थित हैं और प्रतिदिन पुजारी पूजा अर्चना करते हैं। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में स्थित ऐतिहासिक नरवर किले के मुख्य द्वार और कटोरा ताल के समीप माता पसर देवी (इन्हें मां भुजंगबलया देवी के नाम से भी जाना जाता है) नरवर किला ऐतिहासिक विरासत के साथ धार्मिक आस्था का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। किले परिसर में कई मंदिर स्थित हैं, लेकिन देवी उपासना के लिए यहां प्राचीन मां पसर देवी और मां मंशा देवी के मंदिर विशेष रूप से प्रसिद्ध हैं। इन मंदिरों से श्रद्धालुओं की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। सामान्य दिनों में भी यहां भक्तों का आना-जाना लगा रहता है, लेकिन नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ इस स्थान के धार्मिक महत्व और लोगों की अटूट श्रद्धा को दर्शाती है।
पहाड़ी पर प्राचीनकाल से मौजूद मां पसर देवी मंदिर के पुजारी रमेश भार्गव ने बताया कि माता पसर देवी मंदिर प्राचीन काल से मौजूद है, नरवर का किला ज़मीन या धरातल से लगभग 150 मीटर, 400 से 500 फीट की ऊँचाई पर स्थित है, और हमारा परिवार प्रतिदिन मां की पूजा अर्चना और आरती करता है, इस मंदिर से भक्तों की आस्था जुड़ी है नव रात्रि में मां की आरती में शामिल होने के लिए सुबह 4 बजे से ही ऊपर पहाड़ी पर पैदल चढ़कर भक्तों का आना शुरू हो जाता है और सारे दिन भक्तों की भीड़ होती है। हर वर्ष की भांति नवरात्रि का आयोजन किया जा रहा है लेकिन इस वर्ष इसे मेले के रूप में आयोजित किया जा रहा है।
*आस्था के साथ पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल*
नरवर किले को पर्यटन के मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नगर परिषद अध्यक्ष पदमा संदीप महेश्वरी और सीएमओ प्रवीण कुमार नरवरिया की ओर से किले को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने और इसकी ऐतिहासिक पहचान को व्यापक स्तर पर सामने लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी दिशा में नवरात्रि के आयोजन को पारंपरिक पूजा-अर्चना तक सीमित न रखते हुए मेले का स्वरूप देने की पहल भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
इस बार नवरात्रि आयोजन को मेले के रूप में आयोजित करने की पहल इन प्रयासों की दिशा में एक अहम कदम है। इससे धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहन मिलने, स्थानीय लोगों को अवसर उपलब्ध होने और नरवर की ऐतिहासिक पहचान को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
*ऐतिहासिक विरासत को पहचान दिलाने की उम्मीद*
नरवर किले की ऐतिहासिक भव्यता, प्राचीन मंदिरों और धार्मिक परंपराओं को यदि योजनाबद्ध तरीके से पर्यटन से जोड़ा जाए, तो यह स्थान क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक पर्यटन केंद्रों में अपनी जगह बना सकता है। नवरात्रि के दौरान रोशनी से सजा किला और मां पसर देवी के जयकारों के बीच शुरू हुआ मेला इसी संभावना की झलक पेश कर रहा है।
अब जरूरत इस पहल को निरंतर आगे बढ़ाने की है, ताकि नवरात्रि का यह आयोजन आने वाले वर्षों में और व्यापक रूप ले सके तथा राजा नल की नगरी नरवर की ऐतिहासिक विरासत को दूर-दूर तक पहचान मिल सके। (नगर से किले के ऊपर जाने के लिए अगर सड़क का निर्माण कराया जाता है तो पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को आने जाने में परेशानी से राहत मिलेगी साथ ही इजाफा होगा)

Post a Comment

0 Comments