खनियाधाना पुलिस ने 24घंटे में हत्या के मामले में एक पुरुष और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त लोहे का सरिया भी जप्त किया। जमीन विवाद में पिता की मौत का मामला।

🔍 संपादक - खबर एक्स-रे/ जो दिखे उसके पार-शिवपुरी खनियाधाना थाना क्षेत्र के ग्राम गोरवर में जमीन विवाद के चलते हुई मारपीट के बाद एक व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक पुरुष और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। महिला आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया लोहे का सरिया भी जब्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर 2026 को ग्राम गोरवर निवासी आशीष कुमार परिहार (20) ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि गांव के ही प्रीतम परिहार और भावना परिहार के साथ जमीन को लेकर विवाद हुआ था। विवाद की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए आशीष अपने पिता शिवचरन परिहार के साथ थाने जा रहा था। इसी दौरान थाने पहुंचने से पहले ही उसके पिता जमीन पर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल शासकीय अस्पताल खनियाधाना लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मामले में मर्ग जांच के दौरान मृतक के परिजनों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने प्रीतम परिहार, भावना परिहार एवं अन्य के विरुद्ध अपराध क्रमांक 412/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 296 एवं 3(5) में हत्या सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। वहीं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह किरार ने पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए प्रीतम परिहार (54) पुत्र भगुंत परिहार और भावना परिहार (25) पुत्री प्रीतम परिहार, दोनों निवासी ग्राम गोरवर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। महिला आरोपी भावना परिहार की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का सरिया भी बरामद किया गया।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने पर महिला आरोपी भावना परिहार को सर्किल जेल शिवपुरी तथा पुरुष आरोपी प्रीतम परिहार को उप जेल पिछोर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह किरार, उपनिरीक्षक अजय पटेल, प्रधान आरक्षक नरेंद्र सिंह पाल, नीतू सिंह, हीरा सिंह, सोनू यादव तथा आरक्षक हेम सिंह और अनूप कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

0 Comments