त्योहारों पर मिठाई, मावा, तेल और नमकीन की जांच के लिए दौड़ रहे अधिकारी, सवाल यह कि क्या आम दिनों में भी बाजार में बिक रही मिलावटी खाद्य सामग्री पर होती है ऐसी कार्रवाई
🔍 संपादक - खबर एक्स-रे/जो दिखे उसके पार- शिवपुरी त्योहार आते ही खाद्य सुरक्षा विभाग को मिलावटखोरी की याद आने लगती है। दीपावली पर लोगों की सेहत से खिलवाड़ न हो, इसके लिए विभाग ने जिलेभर में निरीक्षण और खाद्य पदार्थों के नमूने लेने का विशेष अभियान शुरू किया है। 8 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक जिले के विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के 44 नमूने लिए गए हैं।
लेकिन इस कार्रवाई के साथ एक बड़ा सवाल भी खड़ा हो रहा है कि आखिर त्योहारों के अलावा साल के बाकी दिनों में खाद्य सुरक्षा विभाग अपनी जिम्मेदारी किस तरह निभाता है।
क्या बाजार में खुलेआम बिक रही संदिग्ध और मिलावटी खाद्य सामग्री पर नियमित निगरानी की जाती है या फिर विभाग की सक्रियता केवल त्योहारों तक ही सीमित रहती है
कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत जिले में निरीक्षण और नमूना लेने की कार्रवाई की जा रही है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार 25 दिनों की अवधि में शिवपुरी, करैरा, नरवर और पोहरी सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठानों से कुल 44 नमूने संकलित किए गए हैं। लेकिन कई क्षेत्र अभी भी निरीक्षण से दूर हैं।
मिठाई से लेकर तेल और दूध तक के नमूने
विभागीय टीम ने कामथेन सिक्योरिटी सर्विसेज शिवपुरी से रिफाइंड सोयाबीन तेल, हल्दी, धनिया, पोहा और दालों के नमूने लिए। खान केक पॉइंट सिलारपुर करैरा से मिक्स केक एवं स्किम्ड मिल्क पाउडर, शर्मा मिष्ठान भंडार से मावा पेड़ा, सिंघल स्वीट्स से जलेबी, बूंदी के लड्डू, गुजिया और मावा-खोपरा बर्फी के नमूने लिए गए।
इसके अलावा शुभम नमकीन, ए.के. स्वीट्स एंड चाट पोहरी, श्रीराम ऑयल इंडस्ट्रीज, चौबे स्वीट्स करैरा, कमल कृष्ण मिष्ठान भंडार नरवर, जैन मिष्ठान भंडार नरवर, बालाजी स्वीट्स, जय शिव स्वीट्स, श्रीकृष्णा मिष्ठान भंडार, होटल बसंत बिहार, गर्ग रेस्टोरेंट और ममलेश्वर चाट भंडार सहित अन्य प्रतिष्ठानों से भी विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने संकलित किए गए।
इनमें मावा, बर्फी, पेड़ा, बेसन के लड्डू, नमकीन, खाद्य रंग, बेकिंग पाउडर, दूध और सरसों तेल जैसे खाद्य पदार्थ शामिल हैं।
रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई तब तक उपभोक्ताओं की सुरक्षा का क्या
विभाग के मुताबिक सभी नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। प्रयोगशाला से विश्लेषण रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ऐसे में सवाल यह भी है कि जिन खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं, उनकी रिपोर्ट कितने दिनों में आएगी।यदि कोई नमूना अमानक या मिलावटी पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान पर कार्रवाई कितनी तेजी से होगी।और सबसे महत्वपूर्ण बात यह कि जांच रिपोर्ट आने तक उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभाग के पास क्या व्यवस्था है।
चलित प्रयोगशाला ने किए 100 नमूनों केपरीक्षण
खाद्य विभाग के विशेष अभियान के दौरान चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला ने करैरा, शिवपुरी, नरवर और बदरवास क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान मौके पर ही विभिन्न खाद्य पदार्थों के 100 नमूनों का परीक्षण किया गया। साथ ही खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान को लेकर ग्रामीणों को जानकारी दी गई। जिले में आठ जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आम नागरिकों को मिलावट के प्रति जागरूक करने का दावा भी किया गया है।
सबसे बड़ा सवाल, क्या खाद्य सुरक्षा विभाग की जिम्मेदारी सिर्फ त्योहारों तक सीमित है
दीपावली पर मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के साथ मिलावट की आशंका भी बढ़ जाती है। ऐसे समय में विभाग की कार्रवाई जरूरी है, लेकिन मिलावटखोरी केवल त्योहारों की समस्या नहीं है। सालभर बाजारों में बिकने वाले दूध, घी, तेल, मसाले, मिठाइयों और अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर निगरानी रखना भी विभाग की नियमित जिम्मेदारी है।
अब देखना यह होगा कि क्या खाद्य सुरक्षा विभाग पूरे साल इसी तरह नियमित निरीक्षण करता है। पिछले महीनों में कितने प्रतिष्ठानों की जांच की गई और कितने नमूने लिए गए।कितने नमूने जांच में अमानक पाए गए। कितने मिलावटखोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज हुए और कितनों को सजा या जुर्माना हुआ। क्या जिन प्रतिष्ठानों से बार-बार शिकायतें मिलती हैं, उनकी नियमित जांच होती है। सिर्फ त्योहारों पर नमूने लेने और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने से मिलावटखोरी पर स्थायी रोक नहीं लग सकती। जरूरत है कि खाद्य सुरक्षा विभाग पूरे साल सक्रिय रहे और आम उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए नियमित, पारदर्शी और प्रभावी कार्रवाई करे। आखिर आम नागरिक की सेहत की जिम्मेदारी केवल दीपावली के कुछ दिनों तक ही क्यों याद आती है।

0 Comments