नरवर भारतीयम पब्लिक स्कूल में रंगोली प्रतियोगिता, छात्राओं ने बिखेरे रचनात्मकता के रंग।

🔍 संपादक - खबर एक्स-रे/जो दिखे उसके पार- दीपावली उत्सव से पहले स्कूल परिसर में सजी आकर्षक रंगोलियां, विजेता छात्राओं को संचालक नीरज भार्गव ने ट्रॉफी देकर किया सम्मानित
शिवपुरी जिले की राजनल नगरी नरवर में दीपावली पर्व के आगमन से पहले नरवर भारतीयम पब्लिक स्कूल में बच्चों का मनोबल बढ़ाने के लिए उत्साह और उल्लास के साथ रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में स्कूल की छोटी-बड़ी छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए एक से बढ़कर एक मनमोहक रंगोलियां बनाईं।
इस अवसर पर छात्राओं ने विभिन्न रंगों और कलात्मक आकृतियों के माध्यम से अपनी कल्पनाशीलता को जमीन पर उकेरा। किसी ने पारंपरिक कलाकृतियों को रंगोली में स्थान दिया तो किसी ने आकर्षक डिजाइन और रंगों के संयोजन से स्कूल परिसर को सजाया। छात्राओं की कलात्मक प्रस्तुतियों से पूरा विद्यालय परिसर दीपावली के रंगों में सराबोर नजर आया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट रंगोली बनाने वाली छात्राओं का चयन प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए किया गया। विजेता छात्राओं को स्कूल संचालक नीरज भार्गव ने ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने छात्राओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और कला के प्रति रुचि बढ़ाती हैं।
कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
वहीं पुरस्कार प्राप्त करने वाली छात्राओं के चेहरों पर खुशी और उत्साह दिखाई दिया। विद्यालय परिवार ने भी सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दीं।

Post a Comment

0 Comments