शिवपुरी जन विश्वास शिविर में मिली दिव्यांग अरविंद को नई उम्मीद कलेक्टर की पहल पर दिव्यांग अरविंद को मिली मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल पेंशन भी हुई स्वीकृत

🔍 संपादक - खबर एक्स-रे/जो दिखे उसके पार- शिवपुरी मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर आमजन की समस्याओं के समाधान का माध्यम बन रहे हैं। इसका उदाहरण नरवर जनपद पंचायत के ग्राम सीहोर निवासी दिव्यांग अरविंद धानुक के मामले में देखने को मिला। शिविर में अपनी परेशानी लेकर पहुंचे अरविंद की गुहार पर कलेक्टर अर्पित वर्मा ने तत्काल संज्ञान लिया और कुछ ही समय में उन्हें राहत उपलब्ध कराई।
दरअसल, मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत नरवर में आयोजित शिविर में दिव्यांग अरविंद धानुक ने कलेक्टर अर्पित वर्मा के सामने अपनी समस्या रखते हुए आवागमन में होने वाली परेशानी से अवगत कराया था। उन्होंने मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने के साथ दिव्यांगजन पेंशन का लाभ दिलाने की मांग की थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने मौके पर ही सामाजिक न्याय विभाग के उपसंचालक को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देशों के बाद विभाग ने तत्परता दिखाते हुए बुधवार को अरविंद धानुक को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल उपलब्ध करा दी। इसके साथ ही उनकी दिव्यांगजन पेंशन भी स्वीकृत कर दी गई है और पेंशन का लाभ मिलना शुरू हो गया है।
मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल मिलने से अब अरविंद के लिए आवागमन पहले की अपेक्षा आसान होगा। वहीं पेंशन स्वीकृत होने से उन्हें आर्थिक संबल भी मिलेगा। ट्राइसाइकिल मिलने पर अरविंद ने खुशी जाहिर करते हुए कलेक्टर और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

जनता की समस्या का समय पर समाधान ही प्रशासन की प्राथमिकता
इस मामले में जिला प्रशासन की त्वरित पहल ने यह संदेश दिया है कि जनसमस्या शिविरों का उद्देश्य केवल आवेदन प्राप्त करना नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों को वास्तविक राहत पहुंचाना भी है। दिव्यांग अरविंद धानुक को मिली यह सहायता उनके जीवन में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक नई शुरुआत साबित हो सकती है।

Post a Comment

0 Comments