कलेक्टर अर्पित वर्मा ने दिए सख्त निर्देश, पैकारी से लेकर अवैध परिवहन तक होगी निगरानी रात में भी होगी वाहनों और ढाबों की जांच
🔍 संपादक - खबर एक्स-रे/जो दिखे उसके पार- शिवपुरी जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी व्यवस्था को मजबूत करते हुए दो विशेष उड़नदस्ता दलों का गठन किया है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने इन दलों को जिलेभर में लगातार जांच, आकस्मिक दबिश और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। खास तौर पर उन क्षेत्रों पर नजर रखी जाएगी, जहां शराब की अधिकृत दुकानें नहीं हैं, लेकिन अवैध रूप से मदिरा की बिक्री किए जाने की आशंका रहती है।
कलेक्टर के निर्देश पर गठित दोनों उड़नदस्ता दलों की कमान मंडल प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी सत्येंद्र पाराशर को सौंपी गई है। दल क्रमांक-01 में आबकारी उप निरीक्षक विनीत कुमार शर्मा, तीर्थराज भारद्वाज और लोकेश बेवारिया को शामिल किया गया है। वहीं दल क्रमांक-02 में आबकारी उप निरीक्षक राहुल गुप्ता एवं बृजराज शर्मा को जिम्मेदारी दी गई है।
पैकारी और अवैध बिक्री के नेटवर्क पर रहेगी नजर
उड़नदस्ता दलों को जिले में मदिरा दुकान विहीन क्षेत्रों का चिन्हांकन कर वहां सघन एवं निरंतर जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही पैकारी, एजेंटों, डायरी सिस्टम और अन्य माध्यमों से संचालित अवैध शराब बिक्री पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। ऐसे मामलों में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रात में होगी गश्त से निगरानी ढाबों और वाहनों की भी जांच
अवैध शराब के परिवहन को रोकने के लिए संवेदनशील मार्गों, जिला सीमाओं और ग्रामीण इलाकों में आकस्मिक वाहन जांच की जाएगी। उड़नदस्ता दल रात्रिकालीन गश्त भी करेंगे। इसके अलावा हाईवे और अन्य मार्गों पर संचालित ढाबों की सघन जांच कर अवैध रूप से शराब परोसने या बिक्री किए जाने की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।
मिलावटी शराब मिलने पर तत्काल होगी जांच
प्रशासन ने संदिग्ध एवं मिलावटी मदिरा के मामलों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए हैं। ऐसी शराब मिलने पर तत्काल नमूने लेकर परीक्षण कराया जाएगा। यदि किसी मामले में जनस्वास्थ्य के लिए खतरा सामने आता है तो उसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर संबंधित अधिकारियों को भेजी जाएगी।
जिले में दो उड़नदस्ता दलों के गठन को अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में प्रशासनिक कदम माना जा रहा है। अब इन दलों की सक्रियता और मैदानी कार्रवाई से यह स्पष्ट होगा कि अवैध शराब के कारोबार पर कितनी प्रभावी रोक लग पाती है।
आदेशों से आगे बढ़ेगी कार्रवाई या फिर जस के तस रहेंगे हालात
जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए उड़नदस्ता दलों का गठन तो कर दिया गया है, लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या ये दल वास्तव में अवैध शराब के निर्माण, पैकारी, बिक्री और परिवहन पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कर पाएंगे। या फिर सरकारी आदेशों और कागजी निर्देशों तक ही यह अभियान सीमित रह जाएगा। जिले के कई इलाकों में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने की जिम्मेदारी अब इन उड़नदस्ता दलों के कंधों पर है। देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी धरातल पर कितनी सक्रियता दिखाते हैं और अवैध शराब के कारोबार पर वास्तव में शिकंजा कसता है या फिर हालात पहले की तरह जस के तस बने रहते हैं।

0 Comments