शिवपुरी में आदिवासी छात्र के साथ मारपीट के मामले में NSUI ने खोला मोर्चा, कॉलेज प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन।

दोषी छात्र पर कार्रवाई, कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने और बंद CCTV कैमरे चालू कराने की उठाई मांग
🔍 संपादक - खबर एक्स-रे/जो दिखे उसके पार- शिवपुरी के शासकीय श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्नातकोत्तर महाविद्यालय (एस.एम.एस. पीजी कॉलेज) में एक आदिवासी छात्र के साथ हुई मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मामले को लेकर एनएसयूआई ने मोर्चा खोलते हुए कॉलेज प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा और घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषी छात्र के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन के माध्यम से कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए। उनका कहना है कि कॉलेज में लगे सीसीटीवी कैमरे लंबे समय से बंद पड़े हैं, जिसके चलते परिसर में होने वाली घटनाओं पर निगरानी नहीं हो पा रही है। छात्र संगठन ने बंद पड़े कैमरों को तत्काल दुरुस्त कराने और कॉलेज में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

इनका कहना है 
कॉलेज में आयोजित भाजपा नेताओं के कार्यक्रम को लेकर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि बीते दिनों कॉलेज परिसर में आयोजित 'अराजकता हटाओ, लोकतंत्र बचाओ' कार्यक्रम में छात्रों को सीसीई नंबर देने के बहाने बुलाकर कार्यक्रम में बैठाया गया। छात्र संगठन ने इस पूरे मामले को लेकर भी आपत्ति जताई है।
(समीर खान, जिला अध्यक्ष, एनएसयूआई शिवपुरी)
पूरे मामले कॉलेज प्रबंधन ने भी अपना पक्ष रखा 
पूरे मामले पर कॉलेज प्रबंधन ने भी अपना पक्ष रखा है। शासकीय पीजी कॉलेज के प्राचार्य पवन कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि बीते दिनों कॉलेज में दो छात्रों के बीच मारपीट की घटना सामने आई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच समिति गठित कर दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद जो भी छात्र दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
(पवन कुमार श्रीवास्तव, प्राचार्य, शासकीय एस.एम.एस. पीजी कॉलेज शिवपुरी)

फिलहाल इस घटना ने कॉलेज परिसर में विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि जांच समिति की रिपोर्ट में क्या सामने आता है और कॉलेज प्रबंधन दोषियों पर कार्रवाई के साथ सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए क्या कदम उठाता है।

Post a Comment

0 Comments