अपराधियों पर भौंती पुलिस का शिकंजा हत्या, अपहरण और महिला संबंधी अपराधों में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तीन अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों की गिरफ्तारी सहित कुल पांच आरोपी गिरफ्तार।


अपराधियों पर भौंती पुलिस का शिकंजा हत्या, अपहरण और महिला संबंधी अपराधों में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तीन अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों की गिरफ्तारी सहित कुल पांच आरोपी गिरफ्तार।

🔍 संपादक - खबर एक्स-रे/जो दिखे उसके पार- शिवपुरी जिले के भौंती थाना पुलिस ने तीन अलग-अलग गंभीर आपराधिक मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्या के मामले में तीन आरोपियों को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया, जबकि युवती को जबरन कार में बैठाकर ले जाने और छेड़छाड़ करने के मामले में एक आरोपी तथा युवती को बहला-फुसलाकर पुणे ले जाकर दुष्कर्म करने के मामले में एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। तीनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
हत्या के मामले में तीन आरोपी मनोज लोधी, इंद्रपाल लोधी और वीर सिंह लोधी 24 घंटे में गिरफ्तार
पहले मामले में 3 नवंबर 2026 को ग्राम भौंती मजरा हम्मीरपुरा निवासी बृगभान लोधी ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई कि मनोज लोधी, वीर सिंह लोधी और इंद्रपाल लोधी ने उनके बेटे सतेन्द्र लोधी के साथ लाठियों से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 361/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 126(2), 296(a) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
हत्या जैसे गंभीर मामले में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल टीम गठित की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 नवंबर को ही तीनों आरोपियों मनोज लोधी (38), इंद्रपाल लोधी (38) और वीर सिंह लोधी (40), निवासी ग्राम नबलपुरा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों को न्यायालय में पेश किया।
युवती को जबरन कार में बैठाकर ले जाने और छेड़छाड़ का आरोपी प्रियांशु अग्रवाल गिरफ्तार
दूसरे मामले में 3 नवंबर को एक पीड़िता ने थाना भौंती पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि भौंती निवासी प्रियांशु उर्फ हनी अग्रवाल ने उसे जबरदस्ती कार में बैठाकर ले जाने, बुरी नीयत से छेड़छाड़ करने और जान से मारने की धमकी देने की घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने शिकायत पर अपराध क्रमांक 360/2026 के तहत बीएनएस की धारा 87, 74, 75(1) एवं 351(3) में मामला दर्ज किया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रियांशु उर्फ हनी अग्रवाल (20), निवासी भदौरिया कॉलोनी भौंती को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद की गई।
युवती को पुणे लेजाकर दुष्कर्म करने का आरोपी जीतू केवट गिरफ्तार 
तीसरे मामले में 30 सितंबर 2026 को मनपुरा निवासी 40 वर्षीय महिला ने अपनी बेटी को ग्राम पिपरौनिया निवासी जीतू केवट द्वारा अपने साथ ले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने अपराध क्रमांक 315/2026 में बीएनएस की धारा 140(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
2 नवंबर को पुलिस ने युवती को दस्तयाब कर उसके बयान दर्ज किए। युवती ने पुलिस को बताया कि जीतू केवट उसे घूमने के बहाने अपने साथ पुणे ले गया था, जहां उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया गया। युवती के बयानों के आधार पर पुलिस ने प्रकरण में बीएनएस की धारा 64(1), 87, 115(2) एवं 3(5) का इजाफा किया।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी जीतू केवट (23), निवासी ग्राम पिपरौनिया को 3 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
तीनों मामलों में कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम भदौरिया, उपनिरीक्षक चेतन शर्मा, प्रधान आरक्षक मृत्युंजय सिंह, अभयराज सिंह, प्रहलाद यादव सहित आरक्षक पीकेश कुमार, बृजेश राणा, गजेन्द्र शर्मा, रामप्रसाद, राघवेन्द्र यादव एवं अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
भौंती पुलिस की इन तीन कार्रवाइयों में पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। हत्या जैसे गंभीर अपराध में 24 घंटे के भीतर आरोपियों को पकड़ना और महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई करना पुलिस की सक्रियता को दर्शाता है।

Post a Comment

0 Comments